रतनपुरा स्थित मुबारकपुर शिव मंदिर से नमस्कार सेवा आश्रम के तत्वावधान में हो रहे श्री रूद्र चंडी ?
- फोटो : MAU
रतनपुरा। नमस्कार सेवा आश्रम के तत्वावधान में श्री रूद्र चंडी महायज्ञ स्थल मुबारकपुर शिव मंदिर से सोमवार की प्रात: भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यज्ञ स्थल से चलकर कलश यात्रा गाढ़ा ग्राम पंचायत के जोगापुर पूर्वे में पहुंची। वहां 121 कलश में वेद मंत्रों से अभिमंत्रित जल भरा गया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं युवतियां और पुरुष पीले परिधान धारण किए हुए चल रहे थे। गाजे-बाजे के साथ निकली कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जन हर हर महादेव, जय माता दी, धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो, विश्व का कल्याण हो, गौ हत्या बंद हो, गंगा पवित्र हो के गगनभेदी उद्घोष के साथ हाथों में भगवा ध्वज लिए कलश यात्रा जिस जिस मार्ग से गुजरी लोगों ने उसका भरपूर स्वागत किया। जोगापुर से जल भरकर कलश यात्रा रतनपुरा बाजार पहुंची, वहां बाजार का भ्रमण करते हुए कलश यात्रा यज्ञ स्थल पर पहुंची जहां यज्ञ मंडप में वैदिक रीति नीति के अनुसार कलश स्थापित किए गए। कलश यात्रा का नेतृत्व यज्ञ आचार्य जय प्रकाश पांडेय ने किया। इस कलश यात्रा में श्रीमद् भागवत कथा व्यास अंकित कृष्ण महाराज, राम कथा व्यास पंडित दिनेश महाराज, ध्रुव आचार्य, संतोष पांडेय, अतुल पांडेय, अचरज पांडेय, मुख्य पुजारी राम बहादुर राजभर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कृष्णा राजभर, ग्राम प्रधान राम प्रवेश राजभर, रमेश सिंह, रमिता सिंह, सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।