मऊ। जिले के वरिष्ठ एवं बुजुर्ग पत्रकार के निधन पर रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी सहित सभी पत्रकारों ने दो मिनट का मौन रखकर शोक जताया। मान्यता प्राप्त पत्रकार रहे परमहंस सिंह को शनिवार की दोपहर में भीटी चौराहे पर एक सांड़ ने अचानक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां रात में उनका निधन हो गया। जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी, सीडीओ राम सिंह वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट जेएन सचान, जिला सूचना अधिकारी जितेंद्र सिंह, सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह तथा डीएम के पीआरओ मनीष सिंह, प्रदीप सिंह, सुभाष यादव, राहुल सिंह, सूर्यकात त्रिपाठी सहित कई पत्रकारों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।