घोसी नगर के सरस्वती विद्या मन्दिर के पास स्थित मकान में चोरी के बाद खुली पड़ी आलमारी।संवाद
- फोटो : MAU
घोसी। नगर के प्रभुनाथ रोड पर सरस्वती विद्या मंदिर के सटे पान विक्रेता के घर में शुक्रवार की रात में चोर नगदी सहित कमरे में रखे आलमारी से सोने चांदी के लगभग तीन लाख के गहने चुरा ले गए। चोरी की जानकारी शनिवार की सुबह घर वालों को हुई। दुकानदार की पत्नी रात 2.30 बजे जगी तब उसे घटना की जानकारी हुई। इसको लेकर पीड़ित ने तीन लाख से अधिक की चोरी की तहरीर कोतवाली पुलिस को दिया है। नगर के प्रभुनाथ रोड निवासी लाला चौरसिया सरस्वती विद्यामन्दिर के बगल में मकान बना कर रहते हैं। शुक्रवार की रात 12 बजे से 2.30 बजे के बीच चोर मकान की पांच फीट ऊंची दीवार फांद कर अंदर प्रवेश कर गए। कमरे में जाकर दरवाजे के पास रखी आलमारी के अंदर के लाकर को खोल कर दुकानदार और उसकी पत्नी वंदना और उनके बच्चों के सोने की सात अंगूठियां, मंगलसूत्र, एक जोड़ी झुमके, एक जोड़ी कुंडल, सोने की दो चेन सहित सोने और चांदी के कई थान अन्य गहनों के साथ 10 हजार रुपये चुरा ले गए। दुकानदार की पत्नी ढाई बजे रात में जगी तो उसे चोरी की जानकारी हुई। भोर में ही पीड़ित की सूचना पर 112 नम्बर पुलिस ने पहुंच कर जानकारी लेने के साथ अधिकारियों को सूचित किया। सूचना पाकर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक अजय त्रिपाठी ने भी घटना स्थल पहुंच कर जानकारी लिया।