घोसी। कोतवाली क्षेत्र के पिढ़वल मोड़ पर स्थित एक सराफा की दुकान को सोमवार की रात में चोरों ने निशाना बना दिया। घोसी कोतवाली क्षेत्र के माऊरबोझ गांव निवासी राजू वर्मा की पिढ़वल मोड़ पर ज्वेलरी की दुकान है। सोमवार की शाम को रोज की तरह शाम को दुकान बंद कर राजू घर चला आया। मंगलवार की सुबह जब दस बजे दुकान खोलने के लिए पहुंचा तो देखा कि दुकान की शटर के दोनों ताले गायब हैं। अंदर जाकर देखने पर पता चला कि लॉकर भी टूटा है और लगभग 50 ग्राम सोने के आभूषण, डेढ़ किलोग्राम चांदी के आभूषण सहित 12 हजार रुपये गायब थे। पुलिस ने राजू वर्मा की तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।