कोपागंज। लोड बढ़ाने के नाम पर बिजली उपभोक्ता से रिश्वत की मांग करना क्षेत्र के डांडी सब स्टेशन के जेई को महंगा पड़ गया। उपभोक्ता की शिकायत पर बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से जेई को निलंबित करके जांच के आदेश दिया है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के डांडी स्थित एक बिजली उपभोक्ता के पास डांड़ी विद्युत् सबस्टेशन जेई राकेश कुमार साहनी बिजली चेकिंग के लिए पहुंचे और लोड बढ़ाने के लिए कहा। आरोप है कि जेई ने लोड बढ़ाने के नाम पर रुपयों की मांग किया। उपभोक्ता ने जेई को रुपये दे दिया लेकिन कुछ दिन बाद जब उपभोक्ता ने लोड बढ़ाने के कागज की मांग किया तो जेई ने और रुपयों की मांग किया। उपभोक्ता ने जेई को रुपये देते वक्त चुपके से वीडियो बना लिया और इसकी शिकायत बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से कर दिया। उच्चाधिकारियों ने वीडियो देख आरोपी जेई को निलंबित करते हुए मामले की जांच का आदेश दिया है। इस वावत एसडीओ राजेश प्रसाद का कहना है कि आरोपी जेई राकेश कुमार को निलंबित किया गया है।