बढुआ गोदाम। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अमारी गांव स्थित तमसा नदी में शनिवार की दोपहर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में नदी में डूबने से मौत हो गई थी। तलाश के बाद भी शव बरामद नही हुआ तो रविवार को ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम समाप्त कराया और शव को स्थानीय लोगों व गोताखारों की मदद से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अमारी गांव निवासी 40 वर्षीय रामकरन राजभर किसी काम से शनिवार की दोपहर में गांव के पास स्थित तमसा नदी की तरफ गया था। थोड़ी देर बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में नदी में डूबने लगा और उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वह डूब गया था। सूचना पर युवक के परिजन और पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों से उसकी तलाश शुरू कराई, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी युवक का पता न चलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने रविवार को सड़क जाम कर दिया। इसकी जानकारी होते ही तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम को समाप्त कराते हुए युवक की तलाश शुरू कराई। युवक का शव कोटवा गांव के पास मिला। थाना प्रभारी केके गुप्ता ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।