दोहरीघाट। स्थानीय नगर पंचायत में रात नौ बजे से सुबह नौ बजे तक भारी और मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध के निर्देश को दरकिनार कर चालक धड़ल्ले से चल रहे हैं। इसके चलते दोहरीघाट कस्बा जाम की समस्या से उभर नहीं पाया है।
शुक्रवार की सुबह दोहरीघाट बड़हलगंज पुल पर ट्रेलर खराब होने से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। इसके चलते सुबह सात बजे से 11 बजे तक दोहरीघाट पुल से गोठा बाजार तक पांच किलोमीटर और आजमगढ़ रोड पर नई बाजार तक तीन किलोमीटर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान पूरा कस्बा जाम में फंसा रहा। इस कड़ाके की ठंड में राहगीरों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कतारबद्ध करके निकलवाया। इस संबंध में दोहरीघाट थाना प्रभारी निरीक्षक कल्पना मिश्रा ने बताया कि पुल पर ट्रेलर खराब हो गया था। जिससे वाहनों को निकलने मुश्किल हो गया था। जाम को देखते हुए गोरखपुर और दोहरीघाट पुलिस ने एक साथ मिलकर जाम को हटवाया।