रतनपुरा शिक्षा क्षेत्र के मऊ कुबेर गांव स्थित प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण करते जिलाधिकारी अरूण क
- फोटो : MAU
मऊ/रतनपुरा। जिलाधिकारी अरुण कुमार ने सोमवार को रतनपुरा ब्लाक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मऊ कुबेर का निरीक्षण किया। इस दौरान गैरहाजिर रहे हेडमास्टर और सहायक अध्यापक को निलंबित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण में बच्चों की उपस्थिति भी अत्यंत कम मिलने से डीएम नाराज हुए। जिलाधिकारी जब सुबह निरीक्षण करने पहुंचे तो प्रधानाध्यापक मृत्युंजय सिंह एवं सहायक अध्यापक राहुल सिंह बिना किसी पूर्व सूचना के गैरहाजिर मिले। डीएम ने इन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश दिया। विद्यालय में कार्यरत दो शिक्षामित्र राजकुमारी चौहान तथा सुनीता कुमारी चौहान उपस्थित थे। विद्यालय में कुल नामांकित 159 छात्रो के मुकाबले महज 12 छात्रों को देख डीएम की त्योरियां चढ़ गईं। जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में स्थित रसोईघर तथा शौचालय का भी निरीक्षण किया। बच्चों से मध्याह्न भोजन के बारे में भी जानकारी ली कि उन्हें मेनू के हिसाब से भोजन मिल रहा या नहीं। रसोईघर में रखे दाल, चावल, आटा, तेल एवं मसालों की स्थिति संतोषजनक थी। शौचालयों में ताले बंद थे जो कई दिनों से उपयोग में नहीं लाए जा रहे थे। विद्यालय परिसर में ही आंगनबाड़ी केंद्र बंद मिला। डीएम ने नाराजगी जताते हुए सीडीपीओ को वहां पर तैनात कार्यकर्ता एवं सहायिका के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर संजीव कुमार यादव उपस्थित रहे।