मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला नगरीय विकास अभिकरण एवं कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षण प्रदाताओं की समीक्षा बैठक हुई। इसमें पीएम स्वनिधि में धीमी प्रगति एवं ज्यादा लंबित मामला होने पर डीएम ने लीड बैंक मैनेजर को चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), पीएमएवाई(यू), मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित व मलिन बस्ती विकास योजना की भी समीक्षा की। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2021- 22 के 20 कार्यो में 11 कार्यों का ई निविदा अभी तक ना होने पर उन्होंने सभी पुराने प्रस्तावों पर नियमानुसार प्रक्रिया अपनाते हुए कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। वहीं कौशल विकास योजना की समीक्षा के दौरान आईटीआई प्राचार्य ने बताया की जनपद के लिए आठ शिक्षण प्रदाताओं का आवंटन हुआ था, जिनमें विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण के लिए कुल 2592 का लक्ष्य निर्धारित है। चार प्रशिक्षण केंद्रों पर कोई प्रशिक्षण कार्य शुरू न होने पर उनका आवंटन रद्द किया गया है। बताया कि जनपद में लक्ष्य के मुकाबले कुल 374 बच्चों का पंजीकरण हो चुका है, जिनमें से 212 प्रशिक्षणार्थियों का प्रशिक्षण चल रहा है। बैठक के दौरान अपर जिला अधिकारी भानु प्रताप सिंह,पीओ डूडा दद्दन कुमार तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।