जिला अस्पताल में किशोर को कोविड की वैक्सिन लगातीं स्वास्थकर्मी।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। जिले में कोरोना संक्रमण को जड़ से खत्म करने के लिए चरणबद्ध तरीके से टीकाकरण जारी है। 12 से 14 वर्ष उम्र के 93 हजार किशोरों के लिए टीकाकरण 50 से ज्यादा अस्पतालों पर लगाया जा रहा है। 16 मार्च से शुरू हुआ टीकाकरण कुछ दिन तो धीमा रहा लेकिन अब इसने रफ्तार पकड़ ली है। चिकित्सकों का कहना है कि परीक्षाओं के चलते कम बच्चे पहुंच रहे थे। लेकिन अब यह ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। इसके पीछे किशोरों के साथ अभिभावकों का जागरूक होना भी महत्वपूर्ण है। करीब 25 लाख की आबादी को संक्रमण से बचाव के लिए 17 जनवरी 2021 को वैक्सीनेशन की शुरूआत हुई थी। सबसे पहले हेल्थ वर्कर, फ्रंट लाइन वर्कर को टीका लगाया गया। उसके बाद 60 साल के बुजुर्गों को टीके लगे। इसके कुछ दिन बाद से 45 साल से अधिक और फिर 18 साल से अधिक उम्र के युवाओं के टीके की शुरुुआत हुई। जनवरी 2022 में 15 से 17 वर्ष के एक लाख 54 हजार लाभार्थियों के लिए टीकाकरण शुरू हुआ। मार्च तक टीकाकरण का ग्राफ बेहद धीमी गती से होता रहा, लेकिन एक अप्रैल से स्कूलों में स्वास्थ्य टीमों के पहुंचने पर टीकाकरण का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को 1050 किशोरों को टीकाकरण हुआ। अब तक 16 हजार 575 किशोरों का टीकाकरण हो चुका है। जिला प्रतीरक्षण अधिकारी डॉ. बीके यादव ने बताया कि सभी लाभार्थी वैक्सीन अवश्य लगवाएं। किशोर खुद टीकाकरण कराने के बाद दूसरों को भी जागरूक करें। ऐसे ही शतप्रतिशत टीकाकरण कर संक्रमण को जड़ से खत्म करने की मुहिम को सफलता मिलेगी।