अमिला के नवकापुरा में जलापूर्ति के लिये खोद कर छोड़ा गया मार्ग।संवाद
- फोटो : सांकेतिक
अमिला। नगर पंचायत अमिला के नवकापुरा में जलापूर्ति के लिए बिछाई जा रही पाइपलाइन स्थानीय लोगों के लिए गंभीर परेशानी का सबब बन गई है। ठेकेदार और संबंधित विभाग द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए खड़ंजा बीच से ही खोदकर छोड़ दिया गया है। पाइप डाले हुए दो सप्ताह से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक रास्ते की मरम्मत नहीं कराई गई है। कस्बे के निवासी सुरेश सिंह और दुर्गेश सिंह आदि ने बताया कि खड़ंजा बीचोबीच खोदने के कारण सबसे अधिक कठिनाई स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। इस रास्ते से गुजरने वाले राहगीरों को बेहद संभलकर चलना पड़ता है। गड्ढों और उखड़ी हुई ईंटों के कारण बाइकों के आवागमन में लगातार दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। हैरानी की बात यह है कि एक जगह काम अधूरा छोड़कर बिना मरम्मत किए ही दूसरे स्थान पर काम शुरू कर दिया गया है। इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि इस समय पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा है, जिसके पूरा होते ही मार्ग की समस्या को भी दूर कर दिया जाएगा।