कोपागंज। स्थानीय थानांतर्गत ग्राम सरवां सगड़ा गांव में घर के पास नाली निर्माण कराने के विवाद में शुक्रवार को एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की। इस मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने नौ आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दर्ज मुकदमे के अनुसार श्रीकृष्ण अपने घर के सामने नाली निर्माण कार्य करा रहे थे। 16 सितंबर को नाली निर्माण को लेकर हुए विवाद की सूचना पर वीडीओ, ग्राम प्रधान और अन्य लोग आए थे। आरोप है कि रात करीब साढ़े आठ बजे गांव के ही महेंद्र, सुदामा, राजेंद्र, हरिकेश, विजय, अजय, हरिओम, दिनेश तथा वाराडीह सतहवा, थाना भीमपुरा जिला बलिया निवासी राममिलन ने श्रीकृष्ण, लालबहादुर, अरविंद, राधिका तथा मीना लालबहादुर को गाली देने लगे। विरोध करने पर विपक्षियों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया। मोबाइल तोड़ दिया। बचने के लिए जब ये लोग भागकर अपने घर में घुस गए तो मनबढ़ों ने पथराव कर घर की खपरैल को तोड़फोड़ कर नष्ट कर दिया। पुलिस ने सभी नौ आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।