कोपागंज। थाना क्षेत्र के इंदारा करीमाबाद में महिला की मौत के मामले में शनिवार को नया मोड़ आ गया। मृतका के पिता ने कोपागंज थाने में मृतका के पति सहित उसके ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस तहरीर मिलने पर मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
सौंपी तहरीर के अनुसार गाजीपुर जिले के बरेसर थाना क्षेत्र के अमवा सिंह गांव निवासी रेयाज पुत्र नमजुद्दीन शाह ने बताया कि उसकी पुत्री चांदनी परवीन की शादी 15 नवंबर 2017 को इंदारा करीमाबाद निवासी जाहिद उर्फ सुफियान पुत्र मुनव्वर के साथ हुई थी। बताया कि बीते शुक्रवार को सूचना मिली कि उसकी बेटी का शव फंदे पर लटकता मिला है, अंदेशा है कि उसके द्वारा आत्महत्या किया गया। यहां आरोप लगाया कि उसकी बेटी की शादी के बाद से उसके ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा दहेज में पांच लाख रुपये की मांग की जा रही थी, इसको लेकर उसके पति और उसके परिजनों द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप लगाया कि कुवैत में काम करने वाले दामाद के द्वारा मांग पूरी न होने पर दूसरी निकाह करने की धमकी भी दी जा रही थी। उधर इस मामले में कोपागंज एसओ शैलेष सिंह का कहना है कि मृतका के पिता ने तहरीर दी है, पुलिस इस मामले में जांच पड़ताल में जुटी है।