परदहां ब्लाक क्षेत्र के डुमरांव गांव में कोरोना पाजिटीव केस मिलने के बाद पहुँचे जिलाधिकारी ज्ञा
- फोटो : MAU
मऊ। जिले में बृहस्पतिवार को एक हॉटस्पॉट गांव पलिया में सर्वे तथा थर्मल स्क्रीनिंग की शुरू की गई। यहां टीम ने 374 घरों का सर्वे करते हुए 2177 ग्रामीणों की जांच की। जिसमें तीन लोग बुखार तथा कफ से पीड़ित मिले। वहीं सदर तहसील के एक नए गांव को हॉटस्पॉट बनाने की कवायद शुरू की गई। जबकि मधुबन तहसील के मर्यादपुर गांव में छह कोरोना मरीज मिलने के बाद पुन: सर्वे तथा थर्मल स्क्रीनिंग के लिए 11 टीमें गठित की गई। बढुआगोदाम : डुमरांव गांव निवासी युवक के कोरोना पॉजीटिव मिलने के बाद बृहस्पतिवार को गांव को हॉटस्पॉट बना दिया गया। इस दौरान गांव में आवाजाही के सभी मार्गो पर बैरीकेडिंग कर उसे बंद कर दिया गया है। युवक के संपर्क में आने वाले परिवार के दस लोगों सहित 35 लोगों को चिह्नित कर उन्हें क्वारंटीन सेंटर में भेजा गया। जबकि जिले के अन्य हॉटस्पॉट गांव धर्मपुर देवारा, खोन्हांचवर, अहिलाद को ग्राम पंचायत ने सैनिटाइज कराया। रानीपुर : हरियाणा से आए युवक के कोरोना पॉजीटिव मिलने के बाद हॉटस्पॉट बने पलिया गांव में 10 टीमों ने डॉ. दिनेश कुमार के नेतृत्व में पहले दिन 374 घरों का सर्वे करते हुए 2177 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की। सर्वे में 60 लोग बाहर से आना पाए गए, जबकि तीन ग्रामीण बुखार तथा कफ से पीड़ित मिले। वहीं ब्लाक के दूसरे हॉटस्पॉट गांव चितबसाव में चिकित्सकों की टीम ने ड्यूटी में लगे कर्मचारियों की थर्मल स्क्रीनिंग की। मधुबन : मर्यादपुर में छह कोरोना मरीज मिलने के बाद पूरे गांव को कंटेनमेंट जोन बनाते हुए बृहस्पतिवार को सीएचसी फतेहपुर मंडाव पर एसडीएम लालबाबू दुबे की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। जिसमें पूरे कंटेनमेंट जोन के 1363 घरों का सर्वे करने तथा थर्मल स्क्रीनिंग के लिए 11 टीमें गठित की गई। सीएचसी प्रभारी डॉ. राजीव पांडेय ने बताया कि प्रत्येक टीमों में पांच-पांच सदस्य शामिल होंगे। एक टीम एक दिन में 30 घरों का सर्वे करेगी।