घोसी के पिढ़वल मोड़ पर टेंपो से टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त कार।संवाद
मऊ। घोसी कोतवाली क्षेत्र के पिढ़वल मोड़ के पास फोरलेन सड़क पर मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार कार और ऑटो में भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में घोसी तहसील में तैनात लेखपाल गौरव राय सहित सात लोग घायल हो गए। बलिया जिले के भीमपुरा निवासी दीनानाथ (60), दीपक (26), कालू (24), दिनेश (30), सूरज (25) और संजय (50) पिढ़वल गांव में बेटी की शादी की रस्म (हल्दी धान) पूरी कर ऑटो से लौट रहे थे। इसी दौरान मऊ की तरफ जा रही लेखपाल गौरव राय की कार से उनकी टक्कर हो गई। कार का एयरबैग खुलने से लेखपाल को हल्की चोटें आईं, जबकि ऑटो सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर घायलों का हाल जाना। कोतवाल रविंद्रनाथ राय ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है और क्षतिग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटा दिया गया है। वहीं, स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस मोड़ पर ओवरब्रिज या अंडरपास न होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।