अमिला। घोसी कोतवाली क्षेत्र के बोझी बाजार में शुक्रवार की देर शाम अनियंत्रित कार सवार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक चला रहे होमगार्ड और बाइक पर बैठे युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगो एवं पुलिस की मदद से घायल होमगार्ड और युवक को इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़राव लाया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शनिवार को उपचार के दौरान होमगार्ड जवान की मौत हो गई। कोतवाली क्षेत्र के पलिया महमूदपुर निवासी ब्रह्मनीश राय (41) पुत्र राम सुबाष राय घोसी कोतवाली में होमगार्ड के रूप में तैनात थे। जिनकी शुक्रवार को दिन में ड्यूटी डायल 112 नंबर बाइक पर थी। ड्यूटी के खत्म होने के बाद शुक्रवार की देर शाम गांव के ही उमाकांत राय (43) पुत्र बैजनाथ के साथ बोझी बाजार में कुछ निजी कार्य निपटा बाइक से घर जा रहा थे। तभी जीयनपुर की तरफ से आ रही तेज गति अनियंत्रित कार ने बोझी बाजार के सिधारी चौक पर बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक चला रहे होमगार्ड के जवान ब्रह्मनीश राय और बाइक पर बैठे युवक बाइक सहित सड़क से दूर जाकर गिर गए। टक्कर मारने के बाद कार सवार कार लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल दोनों को इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़राव भेजवाया। जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौैरान होमगार्ड की मौत हो गई। इस बाबत घोसी कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद कार सवार कार सहित मौके से भाग गया है। पुलिस कार की तलाश कर रही है।