झमाझम बारिशशे बाद कोपागंज बाजार में हुआ जलजमाव।संवाद
कोपागंज। शनिवार की शाम हुई तेज बारिश ने कोपागंज नगर पंचायत की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। कई इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कों और गलियों में जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज बारिश के कारण मुख्य बाजार चौक पर सड़क पर काफी पानी जमा हो गया, इसके अलावा भरत मिलाप और ओड़ियाना बाजार की गलियों में भी जलभराव की स्थिति बन गई। दोस्तपुरा और दलित बस्ती में कई स्थानों पर पानी घरों के आसपास तक पहुंच गया, इससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मुख्य बाजार में पानी जमा होने से दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी हुई। दोपहिया वाहन चालकों को भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से नालियों की नियमित सफाई कराने और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।