रानीपुर/वलीदपुर। स्वास्थ्यकर्मी के संक्रमित मिलने के बाद मंगलवार को रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया। वहीं बीते सोमवार से बंद मुहम्मदाबाद गोहना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सैनिटाइजेशन के बाद मंगलवार को चालू कर दिया गया। रानीपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एक कर्मचारी संक्रमित मिला था जिसके चलते अस्पताल 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया। बुधवार को सैनिटाइजेशन के बाद अस्पताल खोला जाएगा। उधर सोमवार को 24 घंटे के लिए बंद मुहम्मदाबाद गोहना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सैनिटाइजेशन के बाद मंगलवार को खोल दिया गया। केंद्र प्रभारी डॉ. अजय कुमार यादव ने बताया कोविड जांच में कुछ कर्मचारियों के संक्रमित मिलने पर अस्पताल को 24 घंटे के लिए बंद किया गया था।