चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के महिला, पुरुष कर्मचारियों एवं अधिकारियों को हर महीने वेतन में हो रही देरी को लेकर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष रामाश्रय के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने सोमवार को सीएमओ और वरिष्ठ कोषाधिकारी को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि समय से वेतन न मिलने की समस्या को लेकर साल 2019 में तत्कालीन डीएम ने तुरंत संज्ञान लेकर जनपद के समस्त कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिया था कि माह की 25 तारीख तक सभी विभाग के वेतन बिल ट्रेजरी में अवश्य लगा दें। यदि माह की 25 तारीख को विभागों ने बिल ट्रेजरी में नहीं प्रेषित किया तो बिल ट्रेजरी द्वारा न लिया जाए। इसके बाद भी जनपद में चिकित्सा स्वास्थ्य परिवार कल्याण के महिला एवं पुरुष कर्मचारियों और अधिकारियों को माह जुलाई का वेतन 16 अगस्त 2021 को और माह अगस्त 2021 का वेतन 9 सितंबर 2021 को भुगतान किया गया जिससे कर्मचारियों में काफी असंतोष है। विगत दो माह से जिलाधिकारी द्वारा जारी निर्देश के क्रम में बनी व्यवस्था का अनुपालन न होने के कारण सभी संवर्गीय अधिष्ठानों तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अलग-अलग टोकन जारी करने की प्रथा का ईजाद की गई है। कर्मचारी नेताओं ने मुख्य चिकित्साधिकारी वरिष्ठ कोषाधिकारी से मांग किया कि पूर्व की भांति सिंगल टोकन की व्यवस्था के आधार पर कर्मचारियों/अधिकारियों का वेतन माह की पहली तारीख को भुगतान किया जाए। प्रतिनिधि मंडल में विवेकानंद गुप्ता और ब्रह्मस्वरूप मिश्र शामिल रहे।