तेज हवा के साथ हुई बारिश के बाद रविवार को धूप निकली तो गेहूं की मड़ाई का कार्य तेज हो उठा है। फिर से मौसम खराब न हो इसे लेकर चिंतित किसान किसान जल्द से जल्द मड़ाई कर उपज को घर तक पहुंचाने में जुट गए हैं। उपज को घर पहुंचाने की कोशिश में लगे किसान कंबाइन मशीन को ज्यादा तरजीह दे रहे हैं। तेज हवा के साथ हुई बारिश से विभिन्न इलाकों में फसलों का व्यापक पैमाने पर नुकसान हुआ है। रविवार को धूप निकली तो मध्याह्न बाद किसानों ने खेतों में खड़ी फसल की कटाई मड़ाई शुरू कर दी। हर किसान पकी फसल को घर लाने में जी जान से जुट दिखा। क्षेत्र के महुआ ,फतेहपुर, मर्यादपुर, बिलोली, चंद्रपाल, कटघर आनंद सहित विभिन्न इलाकों में मौसम को देखते हुए कटाई मड़ाई हो रही है। बिगड़ते मौसम को देखते हुए किसान कंबाइन मशीन से मड़ाई कराने में रुचि ले रहे हैं। किसान मनोज यादव, राजकुमार यादव, अजीत यादव, सोनू जायसवाल, बृजमुरारी जायसवाल ने बताया कि बेमौसम बारिश से फसलों का काफी नुकसान हुआ है। मौसम को देखते हुए फसल को कंबाइन मशीन से मड़ाई कराया जा रहा है। मौसम मे बार-बार बदलाव से किसान कोई जोखिम लेने की स्थिति में नहीं हैं।