घोसी कोतवाली के पीडउथसिंह पुर गावं में फाँसी लगाने के बाद मृतक इंद्रजीत गोंड़ के घर रोते परिजन।
- फोटो : MAU
घोसी। कोतवाली के पीडउथसिंह पुर गांव में शनिवार की रात में एक युवक ने 112 डायल पुलिस को फोन किया और खुदकुशी करने की बात कहते हुए फांसी लगा ली। पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़वाया तो फंदे से लटकी लाश मिली। युवक की 12 मई को शादी होनी थी। सुसाइड नोट में उसने माता पिता से माफी मांगते हुए उनके लिए कुछ न कर पाने की बात लिखी है। नेवासा में रहने वाले सर्वोत्तम गोंड़ के तीन पुत्रों में सबसे छोटा पुत्र इंद्रजीत गोंड़ घर पर ही रहता था। शनिवार की शाम को इंद्रजीत खाना खाने के बाद कमरे में सोने चला गया। देर रात घर पहुंची पुलिस को देख कर परिजन आवाक रह गए। पुलिस ने जब बताया कि घर से इंद्रजीत ने काल किया है कि वह आशा देवी के घर में खुदकुशी कर रहा है। तो घर में हंगामा मच गया। जब परिजनों ने इंद्रजीत के कमरे के दरवाजे को पुलिस की मौजूदगी तोड़ कर अंदर प्रवेश किया तो इंद्रजीत फंदे पर लटका मिला। यह देख परिवार वाले बिलख उठे। लोगो ने जब फंदा काट कर नीचे उतारा तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस को कमरे से सुसाइड नोट मिला ।जिसमे उसने अपने मात ापिता को नमस्कार करने के बाद उनके लिए कुछ न कर पाने पर अफसोस जाहिर किया था और यह कदम उठाने पर उनसे माफी मांगी थी। मृतक के पिता सर्वोत्तम गोंड़ ने बताया कि इंद्रजीत की शादी 12 मई को आजमगढ़ के मुबारक पुर में होनी तय थी। उधर, लोगो में इस बात की चर्चा रही कि इंद्रजीत होने वाली इस शादी से सन्तुष्ट नही था। इंद्रजीत के दोनों बड़े भाई दीपक गोंड़ व प्रदीप गोंड़ सूरत गुजरात में कहीं काम करते हैं।