इंदारा में बंद पड़ा सामुदायिक शौचालय।संवाद
- फोटो : MAU
इंदारा। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायतों में बनवाए गए सामुदायिक शौचालय ग्रामीणों के प्रयोग में नहीं आ रहे हैं। अधिकांश में ताला लटक रहा है। कारण यहां तैनात किए गए कर्मचारियों का लापता रहना बताया जा रहा है। जबकि मामला संज्ञान में होने के बाद भी जिम्मेदार कुछ बोल नहीं रहे हैं। कोपागंज ब्लाक क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है। जिसका पालन खंड विकास के जिम्मेदारों ने कराते हुए ग्राम पंचायत स्तर पर सामुदायिक शौचालय का निर्माण कार्य कराया गया। भवन तैयार होने के साथ ही रंग-रोगन का कार्य भी पूर्ण हो चुका, लेकिन यह ग्रामीणों के प्रयोग के लिए कब खुलेंगे, इसको ग्राम प्रधान से लेकर जिम्मेदार तक नहीं बता पा रहे हैं। विकास खंड क्षेत्र के ग्राम अदरी देहात, इंदारा, शाहपुर आदि गांवों में तैयार सामुदायिक शौचालय में अब भी ताला लटक रहा हैं। वहां के लोगों का कहना है कि कई माह पूर्व शौचालय तैयार है। हर ग्राम सभा की ओर इसको नियमित खोलने के लिए कर्मचारी नियुक्त भी किया गया है। लेकिन उनके लापता रहने से शौचालयों में हमेशा ताला ही लटक रहा है। एडीओ पंचायत विजय शंकर सिंह ने मामले में अनभिज्ञता जताई। कहा कि जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी।