मऊ। बड़रांव ब्लाक के हड़हुआ ग्राम पंचायत में चार साल पहले आंगनबाड़ी केंद्र का आधा अधूरा निर्माण कराकर नौ लाख रुपये भुगतान लेने के प्रकरण की जांच कराई जाएगी। अमर उजाला में 19 मई को निर्माण कार्य अधूरा फिर भी भुगतान हो गया पूरा शीर्षक से प्रकाशित खबर का संज्ञान लेकर खंड विकास अधिकारी बड़रावं ने प्रकरण की जांच कराने का निर्देश दिया है। इसके लिए उन्होंने अवर अभियंता के नेतृत्व में दो सदस्यीय जांच टीम का गठन कर दिया है।
बीडीओ ने जांच टीम को एक सप्ताह में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। हड़हुआ गांव के लोगों की शिकायत के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण आधा अधूरा कराकर नौ लाख का भुगतान ले लिया गया। केंद्र के कमरों में दरवाजे और खिड़कियां तक नहीं लगीं हैं। शौचालय में न तो सीट लगवाई गई और न ही टैंक बनाया गया। दीवारों के प्लास्टर पूरी तरह उखड़ गए हैं। आंगनबाड़ी केंद्र के नाम पर केवल ढांचा खड़ा किया गया। गुणवत्ता विहीन सामग्री का उपयोग करके जैसे तैसे कमरों का निर्माण कराया गया। आंगनबाड़ी केंद्र की किसी कमरे में दरवाजे नहीं लगाए गए और न खिड़कियां ही लगाई गईं। शौचालय के नाम पर सिर्फ ढांचा खड़ा कर दिया गया। गांव के सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक राम सरीख सिंह ,बुद्धिराम सिंह ,राम विलास और राम हरख सिंह आदि ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है
बीडीओ कलाधर पांडेय ने केंद्र निर्माण से संबंधित पत्रावलियां तलब किया है। इसके साथ ही बीडीओ ने जांच टीम गठित कर दी है।
आंगनबड़ी केंद्र के निर्माण और भुगतान की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। इस मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ धन की वसूली भी की जाएगी।
कलाधर पांडेय, खंड विकास अधिकारी, बड़रांव,