करहां। मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के चकजाफ़री गांव स्थित गुरादरी मठ पर प्रबुद्ध वर्ग के लोगों की बैठक बृहस्पतिवार को हुई। इसमें प्रशासन की तरफ से गुरादरी मठ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने पर लोगों ने खुशी जताई। क्षेत्र के गुरादरी धाम को पर्यटन स्थल के रुप में विकसित कर सुंदरीकरण करने की मांग लंबे समय से उठ रही है। क्षेत्र के लोगोंं ने नगर विकास मंत्री एके शर्मा को भी ज्ञापन सौंपा था। इस मौके पर मालव साधन सहकारी समिति के अध्यक्ष गुरुप्रसाद सिंह ने कहा कि यदि इस प्रस्ताव का अनुमोदन हो जाता है, तो सैकड़ों वर्ष पुरानी इस पीठ का जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण शुरू हो जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और इस धार्मिक स्थल को पर्यटक स्थल के रूप में और अधिक प्रसिद्धि मिलेगी। यह कदम इलाके की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान भी प्रदेश के प्राचीन स्थलों में होगी । बैठक में बयालिस बेरुआर बिरादरी के अध्यक्ष शशिभूषण सिंह, नागेंद्र सिंह, रामसागर सिंह, सभाजीत सिंह, जयप्रकाश आदि शामिल रहे।