होली की छुट्टी के बाद सोमवार को आफिस खुलने पर कलेक्ट्रेट स्थित जिला पूर्ति विभाग कार्यालय में खा?
- फोटो : MAU
मऊ। लगातार चार दिन अवकाश के बाद सोमवार को सरकारी कार्यालय खुले लेकिन कर्मचारी अपने निजी कार्यो में व्यस्त रहे। अमर उजाला टीम ने कार्यालयों में पड़ताल की तो कर्मचारियों की कुर्सियां खाली मिलीं। दूरदराज से आने वाले फरियादियों को बैरंग लौटना पड़ा। खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन विभाग और कलेक्ट्रेट स्थित संयुक्त कार्यालय में कर्मचारियों की कुर्सियां खाली मिलीं। जिला पूर्ति कार्यालय में 50 प्रतिशत कर्मचारी ही काम कर रहे थे। संग्रह अनुभाग में भी कर्मचारी कार्य करते मिले। जिला पूर्ति कार्यालय मेें शिकायती पत्र लेकर गई सुनीता देवी और शांती सिंह का कहना था कि कर्मचारियों के अपनी सीट पर न मिलने के चलते उन्हें भटकना पड़ रहा है। वह सीट पर कब लौटेंगे पता नहीं। यही हाल अन्य सरकारी विभागों का रहा। फरियादियों का कहना था लंबी दूरी तय कर शिकायत लेकर जब सरकारी कार्यालय आते हैं तो संबंधित पटल के सरकारी कर्मचारी गायब मिलते हैं। शिकायत के बाद भी संबंधित के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है। अपर जिलाधिकारी बीपी सिंह ने बताया कि सरकारी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकारी विभागों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान गायब मिले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।