मऊ। स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर माल गोदाम के पास बृहस्पतिवार की दोपहर तीन बजे सेंटिंग के दौरान मालगाड़ी का एक वैगन पटरी से उतर गया। संयोग अच्छा रहा कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। अलर्ट सायरन बजते ही मऊ जंक्शन पर हड़कंप मच गया। रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान शाम की दो ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दिया गया। पांच घंटे की मशक्कत के बाद रेलवे के तकनीकी विभाग ने सफलता हासिल की और मालगाड़ी को रवाना किया। मालगाड़ी मुहम्मदाबाद गोहना की तरफ से मऊ जंक्शन होते हुए गोरखपुर जा रही थी। जैसे ही मुंशीपुरा ओवरब्रिज के नीचे से प्लेटफार्म नंबर तीन के माल गोदाम के पास पहुंची थी कि एक वैगन के चार पहिये पटरी से उतर गए। इस दौरान वहां ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों में हड़कंप मच गया। अलर्ट सायरन बजते ही आनन फानन में रेलवे अधिकारी, आरपीएफ और जीआरपी मौके पर पहुंचे। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। मालगाड़ी से प्लेटफार्म ब्लॉक होने के कारण पहले से एक घंटा लेट चल रही ताप्ती गंगा एक्सप्रेस निर्धारित समय 2:45 बजे से पांच घंटे लेट पहुंची। ये ट्रेन पलिगढ़ हाल्ट पर खड़ी रही। वहीं पहले से ही तीन घंटे लेट चल रही गोदान एक्सप्रेस और चार घंटे लेट हो गई। इस ट्रेन के पहुंचने का समय 4:45 बजे है। गोदान एक्सप्रेस को आजमगढ़ से छह बजे के बाद रवाना हुई। इस दौरान अन्य ट्रेनें भी प्रभावित रही जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई।