मऊ। जिले में सड़क हादसों को रोकने के लिए सेल्फी पॉइंट के पास गोलंबर बनेगा। साथ ही सेल्फी पॉइंट के पास ब्रेकर बनाने के साथ साथ सड़क की चौड़ीकरण भी की जाएगी। ताकि इससे सड़क दुर्घटनाएं कम हो सकें। बढ़ रहे सड़क हादसों का आकलन डेटा से किया जा सकता है। इस साल के तीन माह में अब तक 63 हादसों में 36 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं अप्रैल के 21 दिन में 20 से ज्यादा सड़क हादसों में आठ लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं बीते साल की तुलना में जिले में दो नए ब्लैक स्पॉटों की संख्या बढ़ी है। लेकिन हादसों के बीच सकारात्मक बात है कि हादसों पर ब्रेक लगाने को लेकर प्रशासन-पुलिस प्रशासन की पहल के बाद लोकनिर्माण विभाग इसे कम करने की कवायद में जुट चुका है। जिसके तहत नगर के दो ब्लैक स्पॉट भीटी और ढेकुलिया घाट के पास सड़क की दोनों पटरियों को डेढ़-डेढ़ मीटर चौड़ा करने के साथ सेल्फी पॉइंट के पास गोलंबर बनाने की योजना है। इससे जाम की समस्या के साथ हादसों पर भी रोक लगेगी। इससे पहले पीडब्लूडी विभाग की ओर से सात ब्लैक स्पॉटों पर ब्रेकर, रेडियम लाइट, संकेतक लगाने का निर्णय किया गया है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सौरभ सिंह ने बताया कि नगर के दो ब्लैक स्पॉट भीटी और ढेकुलियाघाट पर सड़क हादसों को रोकने को लेकर आचार संहित लगने से पहले ही जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा बैठक में इसे दूर करने को लेकर सहमति बनी थी। जिसके बाद लोक निर्माण विभाग से इन दोनों ब्लैक स्पॉट के पास सड़क के दोनों ओर डेढ़-डेढ़ मीटर दोनों पटरियों के चौड़ीकरण की बात कही। इतना ही नहीं बलिया मोड़ से भीटी या ढेकुलिया घाट की तरफ आने वाले वाहनों की रफ्तार कम रहे, इसको लेकर रेडियम लाइट लगे ब्रेकर भी लगाए जाएंगे। वहीं इन दोनों ब्लैक स्पॉटों के बीच चौड़ीकरण के बाद डिवाइडर बनाया जाएगा, जिससे आने जाने वाले दोनों तरफ के वाहनों का एक लेन तय हो सके। इसके अलावा ढेकुलियाघाट पर गोलंबर भी बनाया जाएगा, जिससे सीधे जाने के बजाए वाहन गोलंबर से घूमकर जाते समय गती धीमी रखते हुए निकले। इस कार्य में करीब डेढ़ करोड़ रूपये का खर्च होंगे। बताया कि इससे पहले जिले के सात ब्लैक स्पॉट बरलाई मोड़, सरसेना, बड़ागांव, शेखमुहम्मदपुर, चिरैयाकोट, मझवारा मोड़ पर ब्रेकर, रेडियम लाइट के साथ संकेतक लगाने का कार्य किया गया है।
हर साल बढ़ रहा हैं ब्लैक स्पॉट की संख्या
जिले में 2023 में ब्लैक स्पॉट की संख्या 23 थी। इसमें नगर क्षेत्र का भीटी, बलिया मोड़, सिकिटिया ओवरब्रिज, भुजौटी, आदेडीह, बढुआगोदाम, वनदेवी मोड़ शामिल था। वहीं 2024 में ब्लैक स्पॉटों की संख्या 25 हो गई है। इसमें नगर क्षेत्र में मुरली ढाबा, अंधा मोड़, राज पैलेस, बलिया मोड़ नए ब्लैक स्पॉट बने हैं। वह सड़क मार्ग जहां पिछले तीन कैलेंडर सालों में पांच सड़क दुर्घटनाएं जिनमें मौतें या गंभीर चोट आई हो। या चार से अधिक मौतें हुई हो उस जगह को ब्लैक स्पॉट कहा जाता है, ब्लैक स्पॉट की लंबाई 500 मीटर तक हो सकती है।
-
हर साल 20 फीसदी की दर से बढ़ रहा हैं हादसों का ग्राफ
हर साल लगातार जागरूकता के बाद हादसों की संख्या में कमी नहीं आ रही हैं। वर्ष 2021 में 254 सड़क हादसों में 131 लोगों ने जान गवांई। जबकि हादसों में 154 से अधिक लोग घायल हुए थे। वहीं वर्ष 2022 में 304 सड़क हादसों मेंं 157 मौत हुई जबकि 204 लोग घायल हुए।वहीं वर्ष 2023 में 232 सड़क हादसों में 122 मौत हुई तो 160 लोग घायल हुए। वहीं वर्ष के शुरूवाती तीन माह यानी बीते मार्च तक 63 हादसों में 36 लोगों की मौत हो चुकी हैं, 50 लोग घायल हो चुके हैं। जबकि अप्रैल माह की 21 दिन में 25 से ज्यादा हादसे हो चुके हैं, इसमें बीते एक सप्ताह में ऐसे तीन हादसे हुए हैं, जिसके बेकाबू वाहन की जद में आने से तीन युवाओं की मौत हुई है। इसमें दो हादसों में मृतक बाइक चला रहे थे, लेकिन हादसों के दौरान उन्होंने हेलमेट नहीं पहन रखा था, ऐसे में हादसे में सिर में गंभीर चोट लगना मौत का कारण बना।