जिले के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं काे सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग दी जाएगी। तीन महीने के प्रशिक्षण में छात्राएं मार्शल आर्ट का गुर सिखेंगी। प्रशिक्षित छात्राएं विषम परिस्थितियों में खुद की रक्षा कर सकेंगी। विभाग की तरफ से प्रशिक्षकों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। जिले के राजकीय माध्यमिक स्कूलों में अध्ययनरत छात्राओं को स्वावलंबी तथा आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। इसके लिए महारानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन होगा। विभाग की रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रथम चरण में जिले के 14 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों का चयन किया गया है। चयनित प्रशिक्षक को अधिकतम तीन विद्यालयों में प्रशिक्षण की जिम्मेदारी दी जाएगी। तीन माह तक विद्यालय में प्रत्येक कार्य दिवस पर कम से कम 40 मिनट प्रशिक्षण देना होगा। चयन प्रक्रिया में महिला प्रशिक्षकों को वरीयता दी जाएगी। जिलास्तरीय कमेटी प्रशिक्षकों का चयन करेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार गुप्ता का कहना है कि 14 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों मेें अध्ययनरत छात्राओं को सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रशिक्षकों के चयन की प्रक्रिया चल रही है।