स्थानीय थाना क्षेत्र के हिलसा गांव में रविवार की सुबह एक किशोरी का शव उसके कमरे में ही दुपट्टे के फंदे पर लटकता मिला। वह कक्षा सातवीं की छात्रा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले में पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई। कोपागंज थाना क्षेत्र के हिलसा गांव निवासी गुलबास और उसके परिवार के दूसरे सदस्य शनिवार की देर रात भोजन करने के बाद अपने अपने कमरे में सोने चले गए। रविवार की सुबह गुलबास और उसकी पत्नी प्रमिला ने अपनी 14 वर्षीय पुत्री नंदनी को जगाने के लिए कई बार आवाज दी। कोई जवाब न मिलने पर दोनों दरवाजा खुलवाने का प्रयास करने लगे। किसी तरह दरवाजा खुला तो वह हतप्रभ रहे गए। सामने किशोरी का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका था। उनके रोने चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। किशोरी की मौत को लेकर लोग तरह-तरह की चर्चाएं करते रहे। एसओ अमित मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।