मधुबन नगर पंचायत के बौला पुल के पास डंप हो रहा कूड़ा।संवाद
- फोटो : MAU
मधुबन। घरों से निकलने वाला कूड़ा-कचरा सड़कों के किनारे ही डंप किया जा रहा है। जिससे बीमारियों के खतरे के साथ पर्यावरण भी प्रदूषित हो रहा है। कई बार लोगों ने इसकी शिकायत भी की लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नगर पंचायत की तरफ से अहिरौली बाईपास, मधुबन दुबारी मार्ग स्थित बौला पुल, खीरीकोठा गांव के मुख्य मार्ग पर ही कचरों की डंपिंग की जा रही है। इस मार्ग पर 24 घंटे आवागमन रहता है। ऐसे में स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर पंचायत में 15 वार्ड हैं। जहां से प्रतिदिन 5.3 मीट्रिक टन कचरा निकलता है। जिन्हें तीन सफाई पर्यवेक्षकों की निगरानी में 55 आउट सोर्सिंग सफाई कर्मचारी, एक जेसीबी, दो ट्रैक्टर ट्राली, 20 हाथठेला से कचरा को संग्रहित करने के बाद सड़कों के किनारे ही डंप किया जा रहा है। स्थिति यह है कि इन मार्गों से होकर गुजरने पर लोगों को भीषण दुर्गंध झेलनी पड़ रही है। ईओ मुकेश चौधरी ने बताया है कि डंपिंग ग्राउंड बनाने के लिए जमीन चिह्नित की जा रही है।