राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन 20 जुलाई से जिले में शुरू होगा। जिले के सभी निजी, सरकारी व अर्ध सरकारी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्र और मदरसों में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमि नाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाई जाएगी। इसको लेकर मंगलवार को सीएमओ कार्यालय में सीएमओ डॉ. एसएन दुबे की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए सीएमओ ने कहा कि अभियान को लेकर आईसीडीएस, अल्पसंख्यक विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा कर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। बताया कि बच्चों को पेट के कीड़े की दवा अवश्य खिलानी चाहिए, अगर नियमानुसार बच्चे दवा न दी जाए तो उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास में अवरोध होता है। साथ में खून की कमी हो जाती है, इसलिए उन्होंने सभी अभिभावकों से बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाने की अपील की है। वहीं नोडल अधिकारी डॉ. बीके यादव ने बताया कि पेट के कीड़ों का मुख्य कारण हैं। कहा कि पेट में कीड़े होने पर कुछ लक्षण जैसे बुखार, शरीर का पीला पड़ जाना, पेट में दर्द, दिल में धक-धक होना, चक्कर आना, खाना अच्छा न लगना होता है। इस तरह की समस्या होने पर जिले के जिला चिकित्सालय समेत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों उप केन्द्रों पर जा कर चिकित्सकों से नि:शुल्क परामर्श और दवा लें।इस दौरान बैठक में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के तहत सभी एल्बेंडाजोल खिलाने के फायदे और उसे न खाने पर नुकसान के बारे में बताना चाहिए। दवा खिलाते समय यह बरते सावधानियां एल्बेंडाजोल दवा देते समय आवश्यक रूप से यह सावधानी बरतें कि बच्चा खाली पेट न हो अर्थात बच्चे ने दवा लेने से पूर्व कुछ न कुछ भोजन अवश्य किया हो। बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश दवा नहीं खिलाया जा सकेगा तो उन्हें माप-अप राउंड के दौरान 25 से 27 जुलाई को दवा खिलाई जाएगी।इस दौरान अरविंद्र वर्मा,संतोष कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।