मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा में जुआ खेलने के दौरान हुई मारपीट में युवक की हत्या के बाद घटनास्थल का नि
- फोटो : MAU
मुहम्मदाबाद गोहना। जुआ खेलने के दौरान शराब पीने को लेकर रविवार को दोस्तों ने अपने ही साथी बुनकर की मारपीट कर हत्या कर दी और फरार हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ गैरइरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया। उधर, पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली। मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा के महरूपुर मुहल्ला निवासी इरशाद (30) पावरलूम चलाता था। उसे जुआ खेलने और शराब पीने की लत थी। रविवार को दोपहर 12 बजे वह अपने कुछ दोस्तों के साथ मुहल्ले में ही सुलभ शौचालय के पीछे जुआ खेल रहा था। इस दौरान गांजा पीने को लेकर साथियों से उसकी कहासुनी हो गई। जो थोड़ी देर बार मारपीट में बदल गई। साथियों की मारपीट से इरशाद को गंभीर चोटें लगीं और वह बेहोश हो गया। वारदात के बाद उसके सभी साथी फरार हो गए। आसपास के लोग वहां पहुंचे और उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कोतवाल शैलेश सिंह भी अस्पताल पहुंचे। कस्बा में युवक की हत्या की खबर मिली तो स्वयं पुलिस कप्तान सुशील घुले और एएसपी चंद्रभान ने भी पहुंच कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जानकारी ली। एसपी ने कोतवाल को आरोपियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया। एसपी सुशील घुले ने बताया कि जुआ खेलने के दौरान शराब पीने को लेकर साथियों से कहासुनी के बाद हुई मारपीट में इरशाद को गंभीर चोट लगने मौत हुई। मामले में महरूपुर निवासी शहबान और सुग्गन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।