प्रदेश सरकार ने इस बार भी रक्षाबंधन पर बहनों को तोहफा दिया है। 18 अगस्त की रात 12 बजे से 19 अगस्त की रात 12 बजे तक महिलाओं के लिए यात्रा निशुल्क रहेगी। कंडक्टर बहनों को टिकट तो देंगे, लेकिन यह टिकट शून्य का होगा। इससे कितनी बहनों ने रोडवेज बस से यात्रा की उसका आंकड़ा विभाग के पास रहेगा। इस दौरान ड्राइवर और कंडक्टरों की छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है। किसी विशेष या आपात स्थिति में ही छुट्टी मिल सकती है। बहनों को भाइयों को घर जाने के लिए रोडवेज की साधारण सेवा, अनुबंधित के अलावा एसी बसों में सुविधा मिलेगी। उमस भरी गर्मी में एसी बसों से यात्रा करने में राहत मिलेगी। मऊ डिपो में 63 बसों का संचालन होता है। इनमें से अधिकांश बसें लखनऊ भेजी जाती हैं। इसके अलावा जिले के ग्रामीण रूटों पर, बलिया, गोरखपुर, बहराइच, शाहगंज, जौनपुर, वाराणसी जाती हैं। वर्कशॉप में तैनात मैकेनिक सभी बसों की मरम्मत में जुट गए हैं। ताकि ये बसें रास्ते में धोखा न दें। एआरएम हरिशंकर पांडेय ने बताया कि जिस रूट के लिए यात्री मिलेंगे उन रूटों पर बसें भेज दी जाएंगी। बस कम पड़ने पर फेरे बढ़ा दिए जाएंगे। रक्षाबंधन के दिन बहनों को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए उस दिन सभी की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। ड्राइवर कंडक्टरों के साथ साथ कार्यालय में काम करने वाले कर्मचारी भी उस दिन काम करेंगे।