मऊ। शहर में दो स्थानों पर फ्री इंटरनेट सुविधा का शुभारंभ बुधवार को हो गया। नगर पालिका की तरफ से वाई-फाई सिस्टम लगाया गया है। दोनों ही स्थानों पर लोग फ्री इंटरनेट सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे। लोगों को यह सुविधा ओपन इंटरनेट कनेक्शन के रूप में मिलेगी। कोई भी इस वाई-फाई से अपने स्मार्टफोन और लैपटाप कनेक्ट कर सकता है। नगर पालिका की तरफ से 97 हजार 475 रुपए की लागत से शहर के रौजा बाजार स्थित कौड़ी बिल्डिंग तथा कलेक्ट्रेट परिसर में वाई-फाई सिस्टम लगाया गया है। नगर पालिकाध्यक्ष मु. तैय्यब पालकी ने बताया कि वर्तमान में दो स्थानों पर फ्री इंटरनेट की सुविधा प्रदान की जा रही है। जल्द ही शहर में कई सार्वजनिक स्थानों पर फ्री इंटरनेट की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके लिए नगर पालिका द्वारा खाका तैयार किया जा रहा है। कहा कि वाईफाई जोन में सभी को हाईस्पीड फ्री इंटरनेट की सुविधा मिलेगी। ईओ नगर पालिका दिनेश कुमार ने बताया कि निकाय निधि से यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है।