रतनपुरा। स्थानीय बाजार के एसबीआई एटीएम पर सोमवार को खाते से रुपये निकालने आए अधेड़ को मदद के बहाने चकमा देकर एक जालसाज एटीएम कार्ड बदल दिया। खाताधारक को दूसरा एटीएम कार्ड देकर जालसाज वहां से चला गया। बाद में उसने एटीएम कार्ड से अधेड़ के खाते से 45 हजार रुपये उड़ा दिया। शाम पांच बजे खाताधारक की मोबाइल पर रुपये निकाले जाने का मैसेज आया तो उसका माथा ठनक गया। उसने पुलिस को तहरीर दी। हलधरपुर थाना क्षेत्र के गुलौरी ग्राम पंचायत निवासी मदन सिंह दोपहर लगभग 12 बजे रतनपुरा भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम पर रुपये निकालने के लिए आए थे। जैसे ही वे एटीएम कक्ष में घुसे, उनके पीछे एक युवक आया। उसने कहा कि चाचा जी क्या करना है। मदन सिंह ने कहा कि बैलेंस देखना है। युवक ने मदन सिंह के हाथ से उनका कार्ड ले लिया और एटीएम में लगाकर इधर-उधर करने के बाद कहा कि एटीएम चल नहीं रहा है, लगता है कोई तकनीकी खराबी है। यह कहकर उसने मदन सिंह को एक कार्ड थमा दिया और उनका कार्ड लेकर चला गया। इसके बाद जालसाज युवक ने इनके खाते से 45000 रुपये निकाल लिया। इधर शाम को लगभग पांच बजे जब मदन सिंह की मोबाइल पर 45 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया तो उनका माथा ठनक गया। उन्होंने अपने पास रखा एटीएम कार्ड चेक किया तो वह बदला हुआ था। उन्होंने पुलिस और बैंक प्रबंधक को घटना की जानकारी दी।