कोपागंज। थाना क्षेत्र के लैरोदोनवार स्थित एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक के विरुद्ध कूटरचित ढंग से हेराफेरी कर खाते से रुपये निकालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया। उक्त कार्रवाई पुुलिस अधीक्षक के आदेश पर की गई। दर्ज मुकदमे के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम लाड़नपुर निवासी संजय कुमार की पत्नी और अन्य ग्रामीणों का खाता क्षेत्र के भारतीय स्टेट बैंक ग्राहक सेवा केन्द्र लैरोदोनवार में खुला है। सेवा केंद्र का संचालक मोहम्मद शाकिब निवासी जुम्मनपुरा मुहल्ला, कोपागंज है। आरोप है कि सेवा केंद्र का संचालक कूटरचित ढंग से पूर्व में जमा केवाईसी कागजों में हेराफेरी कर जनधन योजना के तहत खाता खोलकर लोगों के खाते से पैसा स्वयं निकाल लेता है। ऐसे कई फर्जी कार्य में उसकी संलिप्तता का आरोप है। आरोप है कि संचालक ने संजय कुमार की पत्नी की फोटो लगाकर नाम-पता बदलकर अपने सेवा केंद्र में खाता खोल लिया है। इसी तरह और भी लोगों के खाते खोलकर कोरोना काल में आए रुपए हड़प लिए। 20 जुलाई को जब संजय ने इस संबंध में पूछताछ की तो संचालक ने संजय को जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया। संजय ने मुकामी थाने में इसकी शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय से मिलकर गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर पुलिस धोखाधड़ी और एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।