कोपागंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रेवरीडीह और सहरोज में फोरलेन के लिए किसानों के अधिगृहित जमीन पर मुआवजा संबंधित विवाद आठ वर्षो से चल रहा था। जिससे फोरलेन का कार्य बंद था। शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के मौजूदगी में कार्य प्रारंभ करवाया। जिसके विरोध में किसानों ने गत शनिवार को तंबू गाड़कर हाथों में भाजपा का झंडा लेकर बिना मुआवजा दिए कार्य करवाने के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने लगे। सुबह नौ बजे से जारी किसानों के धरना प्रदर्शन को देखते हुए कुछ देर में भारी पुलिस बल पहुंच गई और किसानों को धरना स्थल से जबरदस्ती हटाते हुए तंबू पर पुलिस ने कब्जा कर लिया था। रविवार के दिन भी फोरलेन निर्माण कार्य जारी रहा। भारी पुलिस बल की तैनात के चलते किसान दूर से ही निर्माण कार्य को निहारते रहे।