घोसी कोतवाली के हड़ हुआ गांव चक फैजुल्लाह में एसडीएम सुरेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल की मौजूदगी में फोरलेन के रुके निर्माण कार्य एनएचएआई ने शुरू कराया। इस पर कुछ ग्रामीणों ने बिना मुआवजा का भुगतान किए ही निर्माण कार्य कराने का विरोध किया। एसडीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग की जमीन पर निर्माण कराने की बात कहकर उन्हें समझाया। वाराणसी-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के हड़हुआ के सामने चक फैजुल्लाहपुर गांव के पास फोरलेन का निर्माण किसानों ने अधि गृहीत भूमि का मुआवजा कम देने का आरोप लगाकर रोकवा रखा था।
किसानों का कहना था कि एनएचएआई उनकी भूमि का समुचित मुआवजा नहीं दिया है। अन्य गांवों के किसानों की अपेक्षा उन्हें कम मुआवजा दिया गया है। फोरलेन का कार्य कई दिनों से रुकने की शिकायत पर शासन के निर्देश पर एसडीएम के नेतृत्व में कई थानों की फोर्स के साथ सीओ उमाशंकर उत्तम, कोतवाल राजेश यादव, तहसीलदार उमेश सिंह हड़हुआ गांव पहुंचे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में रुके हुए भाग पर फोरलेन निर्माण कार्य शुरू कराया गया।
हाईवे निर्माण कार्य शुरू कराने की जानकारी मिलते ही किसान प्रमोद सिंह, छोटेलाल सिंह, रामप्रकाश सिंह, दुर्गावती देवी, बृजभूषण, चुन्नी सिंह, रामाश्रय पांडेय, संजय पांडेय आदि ने पूरा मुआवजा देने से पूर्व निर्माण कार्य रोकवाने की बात एसडीएम से कही। एसडीएम ने किसानों से बताया कि फोरलेन के छूटे भाग का निर्माण लोक निर्माण विभाग की भूमि पर ही कराया जा रहा है यह किसानों की भूमि नहीं है।