फतेहपुर मंडाव। मधुबन थाना क्षेत्र के कटघरा शंकर सब्जी मंडी बाजार में मंगलवार की सुबह आमने सामने आटो व डीसीएम की टक्कर में चार लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। सीएचसी के डाक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मधुबन बेल्थरा मार्ग के कटघरा शंकर सब्जी मंडी बाजार के समीप सब्जी की खरीदारी करके कुछ लोग आटो से घर जा रहे थे। सब्जी मंडी बाजार के समीप पहुंचे ही थे कि बेल्थरा के तरफ से तेज रफ्तार में जा रही डीसीएम ने टक्कर मार दिया। इसमें आटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में आटो सवार सब्जी बलिया जिले के भीमपुरा थाने के चिउंटापुर निवासी सब्जी विक्रेता विकास 20 , अजित 21 ,रामरतन 60, चंद्रकेश 40 गंभीर रूप से घायल हो गये। आनन फानन में आस पास के लोगों के सहयोग से पुलिस ने घायलों को सीएचसी फतेहपुर मण्डाव में भर्ती कराया। वहाँ चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।