मऊ। शीघ्र ही जिले के चार परिषदीय विद्यालय स्मार्ट बनेंगे। विद्यालय के छात्र-छात्राओं को अब स्मार्ट क्लास रूम में पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। विद्यालयों में प्रोजेक्टर, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला सहित आधुनिक शैक्षिक सुविधाएं दी जाएगी। बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से बजट जारी करने की कवायद तेज कर दी गई है। जिले में 1208 परिषदीय विद्यालय हैं। विभाग की तरफ से सरकारी विद्यालयों को निजी विद्यालयों के समकक्ष खड़ा करने का प्रयास तेज कर दिया गया है। जिले के तमाम सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों के प्रयास तथा सामुदायिक सहभागिता से स्मार्ट क्लास संचालित हो रहे हैं। अब प्रथम चरण में जिस परिषदीय विद्यालय में ज्यादा छात्र संख्या है तथा आपरेशन कायाकल्प योजना के तहत सभी बिंदुओं पर संतृप्त हो गया है, उन्हीं चार विद्यालयों को विभागीय बजट से स्मार्ट बनाया जाएगा। चयनित विद्यालयों में जिले के कंपोजिट विद्यालय गोकुलपुरा, कंपोजिट विद्यालय वनगावां, कंपोजिट विद्यालय माउरबोझ, कंपोजिट स्कूल रसूलपुर सहित चार परिषदीय विद्यालयों कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय, स्टाफ रूम, स्टडी रूम सहित तमाम आधुनिक शैक्षिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। छात्र-छात्राएं अब स्मार्ट क्लास रूम में पढ़ाई करेंगे। विभाग की तरफ से प्रक्रिया पूरी करने की कवायद तेज हो गई है। विभाग की तरफ से बजट के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। जिला समन्वयक निर्माण अजीत तिवारी ने बताया कि जिले के चार परिषदीय विद्यालयों को स्मार्ट बनाने की प्रक्रिया चल रही है। बजट जारी होते ही अगली प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।