मऊ। जिले की विभिन्न थानों की पुलिस ने रविवार को पुलिस भर्ती में दूसरे दिन दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया। इसमें एक आरोपी अपने भाई की जगह परीक्षा देने की कोशिश में पकड़ा गया।
पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने बताया कि मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस द्वारा क्षेत्र के पब्लिक महिला शहर इंटर काॅलेज में पुलिस भर्ती परीक्षा की प्रथम पाली से अभ्यर्थी शन्नी राज निवासी पिण्डोहारी थाना हलधरपुर के जगह सोनू कुमार पुत्र शत्रुधन राम निवासी मड़ैली बढनपुरा मुस्तफाबाद थाना हलधरपुर को पकड़ा। इसके द्वारा कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी तरीके से परीक्षा दिया जा रहा था। वहीं कोपागंज पुलिस ने अलीनगर स्थित सनबीम स्कूल से िद्वतीय पाली में अभ्यर्थी अभय कुमार चमकार निवासी धनपुरी सहडोल मध्य प्रदेश के स्थान पर सुमन कुमार निवासी हरनहा थाना जमुई बिहार द्वारा परीक्षा देते हुए पकड़ा। इसीक्रम में शहर कोतवाली पुलिस ने द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान मुस्लिम इंटर कॉलेज हट्ठीमदारी में कूटरचित-फर्जी प्रमाण पत्र और आधार लेकर मूल अभ्यर्थी शैलेश कुमार की जगह पर परीक्षा देने की कोशिश में आलोक उर्फ दीपक कुमार गुप्ता निवासी बिहार को बायोमैट्रिक्स व आधार वेरिफिकेशन के दौरान फर्जी पाये जाने पर गिरफ्तार किया। इसी तरह से अमृत पब्लिक स्कूल से अपने भाई बृजेश सिंह के जगह पर परीक्षा देने की कोशिश में राकेश सिंह पुत्र निवासी पलिया थाना रानीपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा चारों के संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।