वलीदपुर, मऊ। 29 सितंबर की रात उत्सर्ग एक्सप्रेस (15083) में मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन पर अटेंडेंट से मारपीट करने वाले चार युवकों को जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। गाजीपुर के भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के परसपुर बुढ़ावन निवासी सनी (24) 29 सितंबर की रात 9:38 बजे मऊ जंक्शन से उत्सर्ग एक्सप्रेस में चढ़ा। बिना टिकट आरोपी एसी कोच में चढ़ गया। कोच अटेंडेंड ने एसी बोगी में आने पर आपत्ति जताई, तो आरोपी झगड़ा करके मारपीट करने लगा। आरोपी ने फोन करके मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के सुरहुरपुर गांव निवासी मामा के लड़के विनीत, पुनीत, ज्ञानचंद और आशीष को बुलाया। ट्रेन जब मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन पहुंची तो सभी ने कोच में घुसकर कोच अटेंडेंड को मारपीट कर घायल कर दिया। यात्रियों के विरोध करने पर एसी बोगी का शीशा तोड़ते हुए भाग गए। अटेंडेंट की तहरीर पर आजमगढ़ जीआरपी ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मऊ जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक राजकपूर सिंह ने बताया कि आरोपियों को आजमगढ़ से गिरफ्तार किया गया है।