कोपागंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम सभा इटौरा डोरीपुर में शुक्रवार की सुबह पूर्व प्रधान और उसके समर्थकों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर वोट न देने का आरोप लगाते हुए जमकर धुनाई कर दी। साथ ही उसके घर पर ईट पत्थर चलाने लगे। घायल युवक ने पूर्व प्रधान और उसके भाई सहित अन्य कई लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा इटौरा डोरीपुर में दिलदार यादव ने शुक्रवार की सुबह पुलिस को दी गई तहरीर में गांव के पूर्व प्रधान और उसके भाई सहित समर्थकों पर मारपीट करते हुए घर पर ईट पत्थर चलाने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने छानबीन करते हुए पूर्व प्रधान को हिरासत ले लिया है। ऐसे ही दूसरा मामला क्षेत्र के ग्राम सभा भरथिया कादीपुर का है। गांव के एक युवक ने पुलिस को तहरीर देकर पूर्व प्रधान पर धमकी देने का आरोप लगाया है।