रतनपुरा। हलधरपुर थाना क्षेत्र के गाढ़ा ग्राम पंचायत के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य के छोटे भाई की दिल्ली में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। घटना सोमवार की अपराह्न 4:30 बजे की है। घटना की जानकारी होते ही घर में कोहराम मच गया। क्षेत्र पंचायत सदस्य सुकई राम के छोटे भाई सुरेंद्र राम पुत्र सब्बा राम निवासी गाढा ग्राम पंचायत दिल्ली में 30 वर्षों से रहकर नौकरी करते थे। सोमवार की अपराह्न वह अपने कंपनी के वाहन से ड्यूटी समाप्त करने के बाद अपने घर संजय कॉलोनी वापस लौट रहे थे कि कंपनी का वाहन अनियंत्रित होकर के डिवाइडर से जा टकराया, इस दुर्घटना में सुरेंद्र राम अपने सीट से उछल कर के वाहन के फ्रंट मिरर को तोड़कर बाहर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना जैसे ही उनके घर गाढ़ा पहुंची, वहां मातम पसर गया और उनके परिजन रोने बिलखने लगे। इस बीच कंपनी के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मृतक के पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के उपरांत उनके पैतृक गांव भिजवा दिया जाएगा। मृतक तीन भाइयों में मझले थे। उनकी पत्नी और दो बच्चों का रोते-रोते बुरा हाल है।