सावन के पहले दिन नगर के गायघाट स्थित शिवलिंग का जलाभिषेक करते श्रद्घालु।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। सावन मास के पहले दिन बृहस्पतिवार को नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में स्थापित मंदिरों तथा शिवालयों में तड़के से ही गहमागहमी रही। शिव भक्तों व कांवड़ियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शंकर का जलाभिषेक किया। साथ ही बेलपत्र और दूध आदि चढ़ाकर पूजन-अर्चन किया। श्रद्धालुओं के जयकारे से वातावरण गूंज उठा। मंदिरों पर आयोजित भजन कीर्तन में शामिल होकर शिव भक्त झूमते रहे। नगर में पक्का पोखरा शिवमंदिर, शीतलामाता धाम, गाजीपुर तिराहा स्थित शिव मंदिर, कतुआपुरा शिवाला, मठियाटोला शिवमंदिर, हनुमानघाट, भीटी स्थित शिवमंदिर, पावरहाउस कालोनी स्थित शिवमंदिर, बालनिकेतन मोड़ स्थित शिवमंदिर और कैलाशपुरी सहित विभिन्न मंदिरों पर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए शिवभक्तों का तांता लगा रहा। गाजीपुर से गंगा जल लेकर चले कांवड़िए पैदल ही लौटे और यहां स्थित शिवालयों में बोल बम के जयकारे के साथ जलाभिषेक किया। उधर कई मंदिरों पर भक्तों ने रुद्राभिषेक सहित विभिन्न प्रकार के अनुष्ठान कर भगवान से सुख समृद्धि की कामना की। वहीं कुछ भक्तों ने घर पर भी पार्थिव शिवलिंग बनाकर भगवान शिव का विधि विधान से पूजन-अर्चन किया। देवाधिदेव के अति प्रिय सावन माह में साधना करने से साधक एवं भक्तों को सिद्धि प्राप्ति होती है। मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसी महत्व को देखते हुए सावन माह के पहले दिन प्रमुख मंदिरों पर सुबह से ही भक्तों का रेला लगा रहा। बाबा भोलेनाथ को जल चढ़ाने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों में पूजन-अर्चन करने वालों में अधिकांश संख्या महिलाओं रही। भारी भीड़ को देखते हुए प्रमुख मंदिरों पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बलों की तैनाती की गई थी। घोसी : कस्बा सहित क्षेत्र के विभिन्न इलाकों के शिवालयों व मंदिरों में बृहस्पतिवार को श्रद्धालुओं का पूजन अर्चन करने के लिए तांता लगा रहा। मझवारा मोड़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर खास, शिव मंदिर धरौली, शिव मंदिर शोधनपुर सहित विभिन्न मंदिरों में भारी भीड़ लगी रही। रानीपुर : सावन माह के पहले दिन ही ब्लाक क्षेत्र के महासो, अमारी, भरथीपुर, दौलसेपुर सहित विभिन्न गांवों में श्रद्धालुओं ने भगवान शंकर का विधि विधान से जलाभिषेक किया। मधुबन: सावन माह के पहले दिन कस्बा सहित दुबारी शिवाला मंदिर, अधुतेश्वर मंदिर गजियापुर, पांति शिव मंदिर मधुबन सहित विभिन्न इलाकों के शिव मंदिरों पर तड़के से ही श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। भक्तों ने विधि विधान से भगवान शंकर का जलाभिषेक किया।
नगर के हरिकेशपुरा स्थित शिवमंदिर पर सावन के पहले दिन शिवलिंग का जलाभिषेक करते श्रद्घालु।संवाद- फोटो : MAU
सावन के पहले दिन नगर के शीतला धाम स्थित शिवलिंग का जलाभिषेक करते पुजारी।संवाद- फोटो : MAU
सावन के पहले दिन नगर के शीतला धाम स्थित भगवान शिव का जलाभिषेक करते पुजारी।संवाद- फोटो : MAU