मझवारा क्षेत्र के ग्रामसभा लखनीमुबारकपुर निवासी फखरुद्दीन के खपरैल में आग लगने के बाद जला सामान
- फोटो : MAU
मझवारा। घोसी कोतवाली क्षेत्र के लखनी मुबारकपुर निवासी एक किसान के कच्चे मकान में रविवार की रात आग लग गई। जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीण जब तक आग बुझाते तब तक पांच पशुओं की मौत हो गई। साथ ही मकान में रखा लाखों मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया। घोसी कोतवाली क्षेत्र के लखनीमुबारकपुर निवासी फखरुद्दीन पुत्र अब्दुल सत्तार का परिवार गांव में मकान बनाकर रहता है। गांव में ही कुछ दूरी पर किसान ने पशुओं के लिए खपरैल का एक कच्चा मकान बनवाया था। जिसमें वह अपने पशुओं को रखता था। नित्य की भांति पशुओं को चारा खिलाने के बाद मकान में बांधकर चला गया। ठंड अधिक होने के कारण पशुओं के लिये उक्त कमरे में एक छोटा गड्ढा खोदकर धान की भूसी से आग जलाई गई थी। रविवार की देर रात आग की चिंगारी से खपरैल के मकान में आग लग गई। परिवार के सदस्य गांव में स्थित दूसरे मकान में सो रहे थे लिहाजा किसी को इसकी जानकारी न हो सकी। तड़के करीब चार बजे गृहस्वामी पशुओं को निकालने के लिए जब पहुंचा तो मकान से धुआं उठता देख उसके होश उड़ गए। शोर मचाने के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग बुझाना शुरु किया लेकिन तब तक उक्त खपरैल के मकान में बंधी दो गाय, एक पड़िया व एक बछिया सहित कुल पांच मवेशियों की जलकर मौत हो चुकी थी। हादसे में किसान के पांच मवेशियों सहित एक इंजन व भूंसा अनाज सहित लाखों रुपये का नुकसान हुआ। घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा राजस्व विभाग को दी गई। सूचना मिलने के बाद राजस्व निरिक्षक रितेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे व जांच पड़ताल कर नुकसान का आकलन किया। लेखपाल रितेश सिंह ने बताया कि हदसे में गृहस्वामी का लाखों का नुकसान हुआ है जांचकर अग्रिम कार्यवाही व मुआवजा के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी।