मऊ/रानीपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के खुरहट बाजार में एक मकान में बनी गारमेंट की दुकान में बृृहस्पतिवार की रात शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग के जोर पकड़ते ही दुकान में रखे दो सिलिंडर भी फट गये। गैस के कारण आग और भीषण हो गई। कुछ ही दर में पूरी दुकान आग की आगोश में आ गई। आग पर दुकानदार तथा स्थानीय लोगों ने काबू पाने की कोशिश की। साथ ही सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने दो घंटे में काबू पाया।
रानीपुर थाना क्षेत्र के खुरहट बाजार निवासी मिथिलेश मौर्या का खुरहट बाजार के मऊ-आजमगढ़ मार्ग के मिडिल स्कूल के पास मकान है। इसी मकान के अगले हिस्से में गारमेंट की दुकान के साथ जूता चप्पल की दुकान भी संचालित करते हैं। दुकान के पीछे बने कमरे में मिथिलेश अपने परिवार के साथ रहते हैं।
बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे प्रतिदिन की तरह वह अपनी दुकान बंद कर पीछे वाले हिस्से में चले गये। रात में करीब एक बजे के करीब मिथिलेश के तीन वर्षीय लड़के की नींद खुली। बच्चे के खांसने की आवाज सुनकर मिथिलेश की भी नीद खुल गई। जब वह आगे गया तो दुकान में आग लगने की जानकारी हुई। उसने अपने पड़ोसी को फोन कर आग की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही आस पड़ोस के लोग जुट गये। आग को बुझाने का प्रयास करने लगे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान ही दुकान में रखे दो गैस सिलिंडर भी फट गये। जिससे बगल के मकान की दीवारों में दरार पड़ गयी। आगलगी में जूता चप्पल की दुकान के कैशबाक्स में रखी नकदी सहित भारी नुकसान हुआ। वहीं घर में रखा घरेलू सामान फ्रिज, वासिंग मशीन, लैपटॉप, बैट्री इन्वर्टर, सीसी टीवी कैमरा सहित कई लाख का सामान नष्ट हो गया।
----------------------------------------
मौके के बजाय दूसरी जगह पहुंची फायरब्रिगेड की गाड़ियां
आग लगने की सूचना पर समय से दमकल की गाड़ियां फायर स्टेशन से रवाना तो हो गईं लेकिन गफलत के कारण खुरहट बाजार की जगह 18 किमी दूर रानीपुर पहुंच गईं। फिर वहां कोई घटना न देखकर जानकारी पर वापस घटनास्थल पर पहुंची। इस दौरान करीब एक घंटा का अतिरिक्त समय बर्बाद हुआ।