मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र के भटमिला बाजार में जनरल प्लास्टिक आइटम के थोक विक्रेता के दुकान में शनिवार की देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। घटना के वक्त दुकानदार और उसका आठ साल का बेटा दुकान के ऊपर बने दूसरी मंजिल में थे। शर सुनकर मौके पर जुटे लोगों ने रोशनदान काटकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। आगलगी की घटना में करीब चार लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।
भटमिला निवासी मुहम्मद खालिक पुत्र जाहिद का स्थानीय बाजार में दो मंजिला मकान है। घर के निचले हिस्से में वह नाजिया इलेक्ट्रॉनिक एंड जनरल स्टोर के नाम की दुकान चलाता है। शनिवार देर शाम वह नित्य की भांति समय से दुकान बंद कर घर की दूसरी मंजिल पर चला गया।
रात करीब दो बजे खालिक को पड़ोसियों ने सूचना दी कि दुकान में आग लगी है। वह कुछ समझ पाता इससे पहले आग ने नीचे के पूरे हिस्से को अपने आगोश में ले लिया था। घर से बाहर निकलने का रास्ता दुकान से हो कर गुजरता था। स्थिति गम्भीर होते देख स्थानीय लोगों ने दुकान के पिछले हिस्से में रोशनी के लिए लगे रोशनदान को काटकर निकाला।
अंदर फंसे खालिक और उसके आठ वर्ष के बेटे अरमान को बाहर निकाला। इसके बाद सामने से दुकान का दरवाजा तोड़कर करीब 4 घंटों के अथक प्रयास कर आग पर काबू पाया। इस दौरान लोगों ने लगातार फायर ब्रिगेड को कॉल किया लेकिन टीम नहीं पहुंची।