मधुबन। स्थानीय थाना क्षेत्र के कुसण्डा में शनिवार को पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट में एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। घायल की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कुसण्डा निवासी विद्मा मौर्या पत्नी कमलेश मौर्या को दूसरे पक्ष से ज्ञानेन्द्र मौर्या, चन्द्रशेन मौर्या, रोहित मौर्या, राहुल मौर्या, गोलू मौर्य गालीगलौज करते हुए मारपीट करने लगे। शोर शराबा सुनकर विद्मा के पति कमलेश मौर्या व जेठ बृजेश मौर्य मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने इन दोनों लोगों को भी मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फतहपुर मंडाव मे भर्ती कराया। वहां स्थिति को गंभीर देख डाक्टरों ने विद्मा मौर्या और बृजेश मौर्या को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने विद्मा की तहरीर पर पांचों आरोपियों के खिलाफ मारपीट की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।