फतेहपुर मंडाव। रामपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में रविवार की शाम को वर्तमान प्रधान एवं पूर्व प्रधान के समर्थकों में मारपीट हो गई। इस हंगामे में दोनो पक्षों से एक एक लोगों को मामूली चोटें आईं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची रामपुर पुलिस ने दोनों से पक्षों से कुल चार लोगों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। जानकारी के अनुसार पूर्व प्रधान के समर्थकों ने वर्तमान प्रधान के चार माह के कार्यकाल का ब्योरा रविवार कि देर शाम व्हाट्सएप पर शेयर कर दिया। इसे देख प्रधान के पक्षकारों में आक्रोश पनपने लगा और देखते ही दोनों के समर्थक आमने सामने हो गये और जम कर लाठी डंडा और हसुंआ चलने लगा। इसे देख पूरे गांव में अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे रामपुर थाना प्रभारी राजकेशर सिंह एक पक्ष अमरेश पुत्र राधाकृष्ण, विवेक पुत्र श्रीराम व दूसरे पक्ष से राजू एवं राघवेंद्र को पकड़ कर थाने ले गए। पुलिस ने शांति भंग की धारा में सभी का चालान कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजकेशर सिंह का कहना था कि मामूली बात पर दोनों के समर्थक विवाद कर लिये थे। कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। दोनों पक्षों के लोगों का शांति भंग की आशंका के तहत चालान कर दिया गया।